ADVERTISEMENTS Ad
खबर शेयर करें -

लालकुआं। नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने लालकुआं कोतवाली पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने, शिकायत के दौरान पुलिसकर्मियों पर अभद्रता करने और कोतवाली के नजदीक स्थित देशी व अंग्रेजी शराब की दुकानों में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूले जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा उठाया है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया गया है।

नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के मुताबिक, नगर क्षेत्र से गुजर रही एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सड़क किनारे लगे बिजली के पोल को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया था। घटना की जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने संबंधित वाहन पर कार्रवाई करने के बजाय उसे मौके से जाने दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया।

यह भी पढ़ें -  मोटाहल्दू बाइपास पर दर्दनाक सड़क हादसा, बिजली के पोल से टकराई बाइक; 22 वर्षीय युवक की मौत

लोटनी ने कोतवाली से कुछ ही दूरी पर संचालित देशी और अंग्रेजी शराब की दुकानों में ओवररेटिंग का मामला भी उठाया। उन्होंने कहा कि निर्धारित कीमत से अधिक रुपये वसूले जाने की शिकायतों के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को छह से अधिक बार फोन किया गया, लेकिन उनकी कॉल रिसीव नहीं हुई।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने शासन और प्रशासन से दोनों मामलों का संज्ञान लेकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वह आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

यह भी पढ़ें -  Bank Holiday: 11 नवंबर को इन 6 शहरों में बंद रहेंगे बैंक, जानें RBI ने क्यों घोषित किया अवकाश

पुलिस ने दिया अपना पक्ष

वहीं, लालकुआं कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने मामले में पुलिस का पक्ष रखते हुए कहा कि मौके पर आपसी विवाद को शांत कराने के उद्देश्य से ट्रैक्टर-ट्रॉली को वहां से रवाना किया गया था। उन्होंने कहा कि यदि नगर पंचायत अध्यक्ष संबंधित वाहन के खिलाफ कार्रवाई चाहते हैं तो लिखित शिकायत दें, पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी।

शराब की दुकानों में ओवररेटिंग के आरोपों पर प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि इस मामले में संबंधित विभाग को शिकायत दी जानी चाहिए, ताकि नियमानुसार जांच और कार्रवाई हो सके।

यह भी पढ़ें -  खटीमा में दोस्त ने ही की 20 वर्षीय युवक की हत्या, नशे के इंजेक्शन को लेकर हुआ था विवाद; गटर से बरामद हुआ शव

ओवरलोड वाहनों से हादसों का खतरा

इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद क्षेत्र में ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवाजाही और उनके खिलाफ कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है। गौरतलब है कि दीपावली से पहले भी एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से हाईवे के डिवाइडर पर लगा स्ट्रीट लाइट का विद्युत पोल सड़क पर गिर गया था। इसके चलते आधे घंटे से अधिक समय तक यातायात बाधित रहा था। उस दौरान एक स्कूटी सवार दंपति बाल-बाल बचा था।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रशासन ने उनकी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की तो वह आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। अब देखना होगा कि पुलिस और प्रशासन इन आरोपों पर क्या कदम उठाते हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

By पंकज शर्मा

निष्पक्ष, सटीक और त्वरित समाचार आप तक पहुँचाने के संकल्प के साथ 'अग्रसर भारत' की नींव रखी गई है। डिजिटल मीडिया पत्रकारिता (DJNM) में प्रशिक्षित संपादक पंकज शर्मा के नेतृत्व में हमारा लक्ष्य हर खबर को उसकी सच्चाई और जिम्मेदारी के साथ आपके सामने लाना है।