
लालकुआं। दीपावली की रात लालकुआं के मुख्य बाजार में पटाखों की तेज आवाज ने सड़क पर चल रहे वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ा दीं। हाईवे किनारे अचानक हुए जोरदार धमाके से घबराए एक पिकअप चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और पिकअप सामने से आ रही कार से जा भिड़ा। हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया, जिससे बाजार में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार, महालक्ष्मी पूजन की रात करीब 11 बजे लालकुआं मुख्य बाजार में हाईवे किनारे कुछ युवक पटाखे जला रहे थे। इसी दौरान हल्द्वानी की ओर से आ रहे एक पिकअप वाहन के नजदीक अचानक तेज आवाज के साथ बम फट गया। धमाके से चालक घबरा गया और वाहन को संभालने के प्रयास में दूसरी दिशा में मोड़ दिया। इसी दौरान पिकअप सामने से आ रही एक कार से टकरा गई।
टक्कर के बाद कार में सवार युवक पिकअप चालक से उलझ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। घटना की सूचना मिलने पर 112 सेवा के माध्यम से पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति नियंत्रित की।
बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया, जिसके बाद विवाद समाप्त हुआ। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और किसी गंभीर जनहानि की सूचना नहीं मिली।
हाईवे किनारे पटाखे जलाने से बढ़ सकता है हादसों का खतरा
इस घटना ने एक बार फिर व्यस्त सड़कों और हाईवे के आसपास पटाखे जलाने से होने वाले संभावित खतरों को उजागर किया है। अचानक होने वाले तेज धमाकों से वाहन चालक घबरा सकते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।



