
देहरादून/लालकुआं। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर रविवार को राजधानी देहरादून में जोरदार प्रदर्शन हुआ। नौ सूत्रीय मांगों को लेकर इंडिया गठबंधन के बैनर तले सैकड़ों ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। मुख्यमंत्री आवास के नजदीक पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग लगाकर रोके जाने पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद आंदोलनकारी सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रविवार को बिंदुखत्ता क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण, कांग्रेस कार्यकर्ता और इंडिया गठबंधन के पदाधिकारी देहरादून पहुंचे। सभी गांधी मैदान में एकत्रित हुए और वहां से जुलूस के रूप में मुख्यमंत्री आवास के लिए रवाना हुए। करीब सात किलोमीटर की पैदल यात्रा करने के बाद जब प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास के नजदीक पहुंचे तो वहां पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने बैरिकेडिंग लगाकर उनका रास्ता रोक दिया।
आगे बढ़ने की कोशिश के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी बहस हुई। देखते ही देखते धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। पुलिस द्वारा आगे जाने की अनुमति नहीं दिए जाने से नाराज आंदोलनकारी सड़क पर ही बैठ गए और धरना शुरू कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने की मांग को प्रमुखता से उठाया।
धरना सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा सरकार पर बिंदुखत्ता के लोगों की वर्षों पुरानी मांग की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अब भी मांगों पर गंभीरता नहीं दिखाई तो कांग्रेस इस मुद्दे पर आर-पार की लड़ाई लड़ेगी और आंदोलन को प्रदेशव्यापी स्तर पर व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम नौ सूत्रीय मांगपत्र सिटी मजिस्ट्रेट देहरादून को सौंपा। ज्ञापन में बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने के साथ ही क्षेत्र की अन्य लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें केवल आश्वासन ही मिले हैं। उन्होंने सरकार से मांगों पर ठोस निर्णय लेने की अपील की और सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर प्रदेशभर में व्यापक जनांदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
इस आंदोलन में पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल, राजेंद्र सिंह खनवाल, इंद्रेश मैखुरी, कुंदन सिंह मेहता, पूर्व विधायक राजकुमार, पुष्कर दानू, गिरधर बम, प्रदीप बथ्याल, कैलाश पांडे, मीना कपिल, बीना जोशी, उर्मिला धामी, गुरदयाल सिंह मेहरा, भगवान सिंह धामी, माया देवी, इंद्र सिंह पनेरी, शंकर जोशी, राकेश वर्मा, मुन्ना कोरंगा और संध्या डालाकोटी सहित सैकड़ों ग्रामीण एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने की मांग एक बार फिर राजधानी की सड़कों पर गूंज उठी है। अब आंदोलनकारियों की नजर सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी है।



