ADVERTISEMENTS Ad
खबर शेयर करें -

कालाढूंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कालाढूंगी में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह के दौरान विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें 200 विद्युत पोल लगाने से लेकर मिनी स्टेडियम के निर्माण और कालाढूंगी अस्पताल के उच्चीकरण तक की योजनाएं शामिल हैं। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।

राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का वास्तविक सम्मान उन्हें समान अधिकार, सुरक्षा, अवसर और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति सामाजिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

कालाढूंगी के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से निम्नलिखित घोषणाएं कीं—

  1. कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर 200 विद्युत पोल लगाए जाएंगे।
  2. ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क का नवनिर्माण कराया जाएगा।
  3. कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।
  4. गोडापड़ाव बाईपास से बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा।
  5. कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण किया जाएगा।
  6. पर्यटन सत्र 2026-27 में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए 70 अतिरिक्त महिला जिप्सियों का पंजीकरण किया जाएगा।
यह भी पढ़ें -  हल्द्वानी: गोला पार्किंग के सामने कार और ई-रिक्शा की टक्कर, दो बच्चों समेत चार घायल; चालक फरार

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार होने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।

5.20 लाख महिलाओं के खातों में भेजी जाएगी धनराशि

महिला स्वयं सहायता समूहों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 71 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से पांच लाख से अधिक ग्रामीण महिलाएं जुड़ी हुई हैं। उन्होंने घोषणा की कि एक दिसंबर को 5.20 लाख महिलाओं के खातों में दो किस्तों में धनराशि भेजी जाएगी।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत अब तक लगभग 700 महिलाओं को छह करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी जा चुकी है। वहीं, प्रदेश में 3.50 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

मुख्यमंत्री ने हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड का उल्लेख करते हुए बताया कि इससे करीब 5,500 महिलाएं जुड़ी हैं और ब्रांड की बिक्री छह करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुकी है।

यह भी पढ़ें -  रानीखेत-हल्द्वानी मार्ग पर चलती कार में लगी भीषण आग, छह लोगों ने कूदकर बचाई जान

महिलाओं की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर

धामी ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उनकी सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना भी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण और समान नागरिक संहिता को महिला अधिकारों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस दौरान उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी और उसके परिवार का दुख पूरे प्रदेश का दुख है। उन्होंने बताया कि मामले में दोषियों को न्यायालय से आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है और परिवार की मांग पर सरकार ने सीबीआई जांच की संस्तुति की है।

खेल से लेकर कृषि और स्वरोजगार तक 22 महिलाओं को सम्मान

समारोह में खेल, शिक्षा, कृषि, उद्यान, उद्योग, स्वरोजगार और सामाजिक कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।

सम्मानित होने वाली महिलाओं में एशियाई मास्टर तैराकी की संतोषी गुरुरानी, नमिता पाठक और निकिता सिंह, अंतरराष्ट्रीय तैराकी की मोनी रावत एवं भार्गवी रावत, राष्ट्रीय मास्टर एथलेटिक्स की चंपा नैनवाल और कुश्ती एवं जूडो में उपलब्धि हासिल करने वाली गीतांजलि शामिल रहीं।

यह भी पढ़ें -  बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की मांग तेज, मुख्यमंत्री आवास घेराव के लिए देहरादून पहुंचे हजारों ग्रामीण

इसके अलावा खो-खो एवं एथलेटिक्स में हिना बिष्ट और नमिता, राष्ट्रीय कुश्ती में डौली बिष्ट तथा नेशनल गेम्स ताइक्वांडो में भूमिका जयंतवाल को भी सम्मानित किया गया।

अन्य सम्मानित महिलाओं में लखपति दीदी दमयंती बिष्ट, मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में पदमा बोहरा, शिक्षण क्षेत्र में ममता गुप्ता, कंचन भंडारी, ऐपण कलाकार मंजू रौतेला और कृषि क्षेत्र में सावित्री गर्जोला शामिल रहीं। वन विभाग की ओर से शिवानी रावत, तनुजा खानायत, डौली, पूजा और रूपा को भी सम्मान प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री ने सभी महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा है।

समारोह में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, दिनेश आर्य, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य और दीवान सिंह बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

By पंकज शर्मा

निष्पक्ष, सटीक और त्वरित समाचार आप तक पहुँचाने के संकल्प के साथ 'अग्रसर भारत' की नींव रखी गई है। डिजिटल मीडिया पत्रकारिता (DJNM) में प्रशिक्षित संपादक पंकज शर्मा के नेतृत्व में हमारा लक्ष्य हर खबर को उसकी सच्चाई और जिम्मेदारी के साथ आपके सामने लाना है।