
अल्मोड़ा। रानीखेत-हल्द्वानी मार्ग पर रविवार देर रात एक चलती कार में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। चाइना व्यू से करीब दो किलोमीटर आगे हुए इस हादसे में कार सवार छह लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। सभी लोग हरियाणा के करनाल निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जबकि आग की चपेट में आकर कार पूरी तरह जल गई।
जानकारी के अनुसार, करनाल निवासी छह लोग रेनो ट्राइबर कार (HR 05BJ 7012) से रानीखेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चाइना व्यू से करीब दो किलोमीटर आगे अचानक कार से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी गाड़ी धू-धूकर जलने लगी।
कार में आग लगते ही सवार लोगों में अफरातफरी मच गई। हालांकि, खतरे को भांपते हुए सभी छह लोग तुरंत वाहन से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर आपातकालीन सेवा 112 को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रानीखेत अग्निशमन केंद्र की टीम दमकल वाहन के साथ घटनास्थल पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
प्रभारी अग्निशमन अधिकारी गणेश चंद्र के अनुसार, सूचना मिलते ही दमकल टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया था। रेस्क्यू अभियान में अग्निशमन कर्मी नरेश जोशी, संदीप सिंह, महिपाल सिंह और रमेश सिंह शामिल रहे।
प्रारंभिक जांच में सीएनजी वाहन के ओवरहीट होने अथवा शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। गनीमत रही कि आग विकराल रूप लेने से पहले सभी छह लोग कार से बाहर निकलने में सफल रहे और एक बड़ा हादसा टल गया।



