
ल्द्वानी/लालकुआं। त्योहारी सीजन के बीच खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। मदर डेयरी के पैक्ड गाय के दूध के नमूने की जांच में फैट की मात्रा निर्धारित मानक से कम पाई गई है। हैरानी की बात यह है कि पैकेट पर न्यूनतम 4 प्रतिशत फैट होने का दावा किया गया था, जबकि प्रयोगशाला की जांच में इसकी मात्रा महज 2.9 प्रतिशत निकली। केंद्रीय खाद्य प्रयोगशाला गाजियाबाद ने नमूने को अधोमानक और मिथ्याछाप घोषित किया है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के मुताबिक, अगस्त 2026 में हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र के भोलानाथ गार्डन स्थित मदर डेयरी के वितरक से पैक्ड गाय के दूध का नमूना लिया गया था। प्रारंभिक जांच में राजकीय खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, रुद्रपुर ने भी नमूने को अधोमानक पाया था। इसके बाद अपील के तहत नमूने को केंद्रीय खाद्य प्रयोगशाला, गाजियाबाद भेजा गया।
21 अक्टूबर 2026 को जारी जांच रिपोर्ट में दूध में फैट की मात्रा 2.9 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि निर्धारित न्यूनतम मानक 3.2 प्रतिशत है। वहीं पैकेट पर 4 प्रतिशत फैट होने का दावा किया गया था। इस अंतर के आधार पर नमूने को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अधोमानक एवं मिथ्याछाप घोषित किया गया है। मामले में अब नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
त्योहारी बाजार में खाद्य विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी, 21 प्रतिष्ठानों से लिए 14 नमूने
दूसरी ओर, त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान तेज कर दिया है। 4 नवंबर को रामनगर, हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र और हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र के लालकुआं में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।
इस दौरान 21 अलग-अलग प्रतिष्ठानों से गुड़, गुलाब जामुन, आटे के लड्डू, खिलौना मिठाई, पेड़ा, बेसन के लड्डू, बालूशाही और तिल-खोया लड्डू समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 14 नमूने संग्रहित कर जांच के लिए भेजे गए।
दुकानदारों को साफ-सफाई और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को सुरक्षित परिस्थितियों में रखने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट और अनियमितताओं को लेकर निगरानी जारी रहेगी।
आम जनता से भी की गई अपील
खाद्य सुरक्षा विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि त्योहारों पर मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकिंग, निर्माण तिथि, अंतिम उपयोग तिथि और खाद्य लाइसेंस की जानकारी जरूर जांचें। कहीं भी मिलावट या अस्वच्छ खाद्य सामग्री की बिक्री दिखाई देने पर विभाग को सूचना दें।
ये अधिकारी रहे कार्रवाई में शामिल
अभियान के दौरान तहसीलदार लालकुआं ईश्वर सिंह, सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी अजय सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, हल्द्वानी नगर निगम तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह समेत विभागीय टीम के सदस्य मौजूद रहे।
सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी अजय सिंह रावत ने बताया कि जनपद में सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण, नमूना संग्रह और नियमानुसार विधिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



