खबर शेयर करें -

पुणे सड़क हादसे में बिंदुखत्ता के युवा मास्टर शेफ की मौत, पांच बहनों के इकलौते भाई थे मनीष

बिंदुखत्ता/पुणे:

महाराष्ट्र के पुणे में हुए एक भीषण सड़क हादसे में उत्तराखंड के बिंदुखत्ता निवासी एक होनहार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इस दुखद खबर से मृतक के परिजनों सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

​प्राप्त विवरण के अनुसार, बिंदुखत्ता के इंदिरा नगर (प्रथम) निवासी मनीष जोशी (31 वर्ष), पुत्र एल.डी. जोशी, पुणे के एक प्रतिष्ठित होटल में बतौर ‘मास्टर शेफ’ कार्यरत थे। बीते शाम अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद मनीष मोटरसाइकिल से अपने कमरे की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक अनियंत्रित डंपर ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से कुचल गए।

यह भी पढ़ें -  ​'मिशन ड्रग फ्री देवभूमि': नैनीताल पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, ₹1.85 करोड़ की स्मैक के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

​आनन-फानन में उन्हें पुणे के नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुणे पुलिस ने शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को एम्बुलेंस के जरिए उनके गृह क्षेत्र बिंदुखत्ता के लिए रवाना कर दिया है।

यह भी पढ़ें -  पंजाब में भीषण आग का तांडव, चम्पावत का युवक जिंदा जला

अविवाहित थे मनीष, पांच बहनों के थे इकलौते भाई

​पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, मृतक मनीष जोशी अभी अविवाहित थे और अपनी पांच बहनों के बीच इकलौते भाई थे। घर के इकलौते चिराग की असमय मौत से माता-पिता और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। देर रात तक मनीष का पार्थिव शरीर उनके पैतृक निवास बिंदुखत्ता पहुंचने की संभावना है, जिसके बाद सुबह उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दुखद घटना से पूरे इंदिरा नगर क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।