
देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के बीच चल रहा विवाद गिरफ्तारी के बाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद गिरधारी लाल साहू का मीडिया को दिया गया बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने खुद को निर्दोष बताते हुए अपनी पत्नी रेखा आर्या पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके इस बयान के बाद मामले ने एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, रेखा आर्या की शिकायत पर दर्ज मुकदमे के बाद से ही पुलिस गिरधारी लाल साहू की तलाश कर रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच विशेष जांच दल (SIT) को सौंपी गई थी। लगातार कार्रवाई के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद भी अपने आरोपों पर कायम साहू
गिरफ्तारी के बाद सामने आए वीडियो में गिरधारी लाल साहू अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को खारिज करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने स्वयं को निर्दोष बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही रेखा आर्या को लेकर भी कई गंभीर बातें कही हैं। उनके बयान का वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
पहले भी लगा चुके हैं गंभीर आरोप
गौरतलब है कि गिरफ्तारी से पहले भी गिरधारी लाल साहू ने मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा था। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए रेखा आर्या पर गंभीर आरोप लगाए थे। इस दौरान उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी उठाई थी।
अब SIT की जांच पर टिकी निगाहें
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब गिरधारी लाल साहू से पूछताछ कर मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। इस पूरे प्रकरण में दोनों पक्षों की ओर से सामने आए आरोपों, उपलब्ध साक्ष्यों और दस्तावेजों की जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
फिलहाल इस मामले में आगे क्या खुलासे होते हैं और गिरधारी लाल साहू द्वारा लगाए गए आरोपों पर जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।



