हल्दूचौड़। क्षेत्र के ग्राम दुर्गापालपुर परमा (फेज-1) में एक सनसनीखेज चोरी की वारदात से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। बेखौफ अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात सहित कीमती सामान समेटकर रफूचक्कर हो गए।
यह वारदात तब हुई जब मकान स्वामिनी कमला बिष्ट का परिवार एक रिश्तेदारी में बाहर गया हुआ था। सूने घर का फायदा उठाकर चोरों ने रात के अंधेरे में पूरे इत्मीनान से इस वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब परिजन वापस लौटे, तो मुख्य द्वार का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। घर के भीतर अलमारियां टूटी हुई थीं और कीमती सामान गायब था।
जनप्रतिनिधियों ने जताया आक्रोश, उठाई सख्त कार्रवाई की मांग
घटना की भनक लगते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेन्द्र चन्द्र दुर्गापाल ने तुरंत पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पुलिस प्रशासन से चोरों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की।
”क्षेत्र में लगातार पैर पसारती आपराधिक गतिविधियां बेहद चिंताजनक हैं। शांतिप्रिय ग्रामीण इलाकों में ऐसी वारदातें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। पुलिस को तुरंत एक्शन मोड में आकर दोषियों को सलाखों के पीछे भेजना होगा।”
— राजेन्द्र चन्द्र दुर्गापाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य
नए चौकी प्रभारी के लिए पहली बड़ी परीक्षा
हल्दूचौड़ पुलिस चौकी में हाल ही में कमान संभालने वाले नवनियुक्त चौकी प्रभारी के लिए यह वारदात किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। पदभार संभालते ही हुई इस बड़ी चोरी ने उनकी कार्यप्रणाली और पुलिस के इकबाल के सामने सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।
अब पूरे क्षेत्र की जनता की निगाहें पुलिसिया कार्रवाई पर टिकी हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर पुलिस ने जल्द से जल्द इस मामले का पर्दाफाश कर माल बरामद नहीं किया, तो अपराधियों के हौसले सातवें आसमान पर पहुंच जाएंगे। देखना दिलचस्प होगा कि नई पुलिस टीम इस अग्निपरीक्षा से कैसे पार पाती है। ‘अग्रसर भारत’ इस पूरे मामले के हर अपडेट पर पैनी नजर बनाए हुए है।


