
रामपुर रोड पर नशे में धुत युवक का तांडव, युवती को हेलमेट से पीटकर किया लहूलुहान
हल्द्वानी। रामपुर रोड पर देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नशे में धुत एक युवक ने बाइक पर साथ आई युवती पर हेलमेट से ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। बीच सड़क युवती के साथ हो रही मारपीट देखकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। युवती को बचाने पहुंचे लोगों के साथ भी आरोपी ने गालीगलौज और अभद्रता की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया, जिसमें उसके नशे में होने की पुष्टि हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक देर रात चकलुवा से बाइक पर एक युवती को लेकर हल्द्वानी पहुंचा था। रामपुर रोड पर अचानक उसने बाइक रोकी और युवती के साथ विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और युवक ने हेलमेट से युवती पर हमला शुरू कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गई।
सड़क पर युवती के साथ मारपीट होते देख स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी उनसे भी उलझ पड़ा और गालीगलौज करने लगा। इसी दौरान युवक के चार-पांच अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने किसी तरह युवती को वहां से सुरक्षित रवाना किया।
घटना की सूचना मिलते ही टीपी नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर चौकी ले गई।
पूछताछ के दौरान आरोपी कभी युवती को अपनी पूर्व प्रेमिका बताता रहा तो कभी उस पर देह व्यापार में संलिप्त होने के आरोप लगाता रहा। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी विवाहित है और ऊर्जा निगम में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत बताया जा रहा है।
इस संबंध में एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि युवती की ओर से पुलिस को फिलहाल कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।



