

हल्द्वानी। राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस के अवसर पर सोमवार को मीडिया सेंटर हल्द्वानी में ‘लोकलुभावन या जिम्मेदार पत्रकारिता’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, मीडिया की सामाजिक भूमिका तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता के महत्व पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
संगोष्ठी में मुख्यमंत्री मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला ने कहा कि वर्तमान समय में सूचना एवं संचार के तीव्र विस्तार के साथ मीडिया की जनमानस को प्रभावित करने की क्षमता भी बढ़ी है। ऐसे में यह समझना आवश्यक है कि किसी विषय को केवल लोकप्रियता हासिल करने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया जा रहा है या व्यापक जनहित एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को ध्यान में रखकर उसका विश्लेषण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल समाचारों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना अथवा लोकप्रियता हासिल करना नहीं होना चाहिए। तथ्यों की प्रमाणिकता, निष्पक्षता और जनसरोकारों को प्राथमिकता देना पत्रकारिता की मूल जिम्मेदारी है। किसी भी समाचार को प्रस्तुत करते समय उसकी सत्यता, प्रभाव और सामाजिक परिणामों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय ने कहा कि पत्रकारिता कभी समाप्त नहीं होगी, बल्कि समय के साथ उसका स्वरूप बदलता और अधिक उन्नत होता रहेगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल एवं सामाजिक माध्यमों के बढ़ते प्रभाव से समाचारों का प्रसार पहले की अपेक्षा कहीं अधिक तेज हुआ है, लेकिन इसके साथ भ्रामक सूचनाओं, अपुष्ट खबरों और सनसनीखेज प्रस्तुति जैसी चुनौतियां भी सामने आई हैं।
उन्होंने पत्रकारों से तथ्यों की पुष्टि, संतुलित दृष्टिकोण और पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “दृश्य संख्या (व्यूज) जरूरी है, लेकिन उसके साथ समाचारों की गुणवत्ता और मूल्य (वैल्यूज) भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं।”
पत्रकार शैलेन्द्र नेगी ने कहा कि देश की आजादी की अलख जगाने और स्वतंत्रता आंदोलन को गति देने में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि लोकलुभावन पत्रकारिता भले ही कुछ समय के लिए लोकप्रियता हासिल कर ले, लेकिन समाज में स्थायी विश्वास और विश्वसनीयता केवल जिम्मेदार पत्रकारिता से ही स्थापित होती है।
संगोष्ठी में वक्ताओं ने एकमत से कहा कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता जितनी आवश्यक है, उसकी जवाबदेही भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने और समाज को सही दिशा देने के लिए पत्रकारों को निष्पक्षता, सत्यता और जनहित के मूल्यों को सर्वोपरि रखना चाहिए।
इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी अहमद नदीम, पत्रकार विनोद कांडपाल, दिनेश पांडेय, गीतेश त्रिपाठी, धर्मानंद खोलिया सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।



