
हल्द्वानी। गौला बाईपास रोड पर तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह इंदिरा नगर रेलवे फाटक के पास एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरा। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं और उसके पैर का पंजा भी शरीर से अलग हो गया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे बाइक संख्या UK 06 BK 0927 का चालक गौला बाईपास से शनि बाजार रोड की ओर मुड़ रहा था। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। भीषण टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए।
सूचना मिलने पर बनभूलपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान प्रदीप हलदार पुत्र अनंत हलदार, निवासी गोविंदनगर, शक्तिफार्म, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को एंबुलेंस के जरिए भिजवाया। तलाशी के दौरान मृतक के पास से नकदी और अन्य जरूरी सामान भी बरामद हुआ।
गौरतलब है कि गौला बाईपास पर लगातार दूसरे दिन सड़क हादसा होने से मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन रही है। लोगों ने प्रशासन से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने और सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।



