
हल्द्वानी। बिजली बिलों में गड़बड़ी, स्मार्ट मीटर की समस्या या विद्युत आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों से परेशान उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। विद्युत वितरण खंड (ग्रामीण), हल्द्वानी की ओर से उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विशेष सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का लाभ हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र के साथ ही लालकुआं के उपभोक्ताओं को भी मिलेगा।
अधिशासी अभियंता एसके गुप्ता की पहल पर विद्युत वितरण उपखंड कमलुवागांजा, लालकुआं और टीपी नगर के अंतर्गत अलग-अलग निर्धारित स्थानों पर इन शिविरों का आयोजन किया जाएगा। शिविरों में उपभोक्ता अपने बिजली बिलों में संशोधन कराने के साथ ही स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतें दर्ज करा सकेंगे।
इसके अलावा विद्युत आपूर्ति में आ रही दिक्कतों, बिलों में त्रुटि और बिजली सेवाओं से जुड़ी अन्य समस्याओं का भी निस्तारण किया जाएगा। विभाग की ओर से उपभोक्ताओं के सुझावों और शिकायतों पर मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करने का प्रयास किया जाएगा।
विद्युत विभाग ने संबंधित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और स्थान पर शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं। साथ ही लंबे समय से बकाया बिजली बिलों का भुगतान करने की भी अपील की गई है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ता शिविरों के अलावा प्रत्येक कार्यदिवस में कार्यालय समय के दौरान विद्युत विभाग के कैश काउंटरों पर भी अपने बिजली बिल जमा कर सकते हैं। इन विशेष शिविरों का उद्देश्य उपभोक्ताओं को विभागीय कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत देना और बिजली संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।



