
लालकुआं (नैनीताल)। बिंदुखत्ता के सुभाष नगर स्थित दवाई फार्म में चोरों ने एक सेवानिवृत्त शिक्षक के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। गुरुवार देर रात घर में घुसे अज्ञात चोर परिवार के सदस्यों को उनके कमरों में बाहर से बंद कर करीब 35 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
परिवार के सदस्यों को कमरों में बंद कर दिया वारदात को अंजाम
शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त गोधन सिंह बिष्ट के अनुसार, चोरी की घटना रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच की है। चोरों ने घर में प्रवेश करने के बाद सबसे पहले सो रहे परिवार के सदस्यों के कमरों की कुंडियां बाहर से बंद कर दीं। इसके बाद जेवरात रखे कमरे का ताला किसी धारदार औजार से तोड़कर वहां रखे बक्सों को खंगाल लिया और कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए।
पीड़ित परिवार को घटना की जानकारी तब हुई, जब रात करीब 1:40 बजे उनके बेटों ने फोन कर बताया कि उनके कमरों के दरवाजे बाहर से बंद हैं। इसके बाद गोधन सिंह बिष्ट ने ऊपर जाकर दरवाजों की कुंडियां खोलीं। घर की जांच करने पर जेवरात वाले कमरे का ताला टूटा मिला और बक्सों में रखे सभी आभूषण गायब मिले।
25 तोला सोना और चांदी के आभूषण चोरी
चोर घर से करीब 25 तोला सोने के आभूषण चोरी कर ले गए। इनमें झुमके, टॉप्स, पौजी, नथ, माला, अंगूठियां, मांगटीका और फूली सहित अन्य जेवर शामिल हैं। इसके अलावा करीब चार तोला चांदी की चार पायल, तीन लोगों के कंगन, दो बिछुए और एक अंगूठी भी चोरी हुई है।
वरिष्ठ समाजसेवी हर्ष बिष्ट के अनुसार, चोरी गए आभूषणों की कुल कीमत 35 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। बताया जा रहा है कि घर में शिक्षक की पत्नी और तीनों बहुओं के आभूषण एक ही कमरे में रखे हुए थे।
एक सप्ताह में चोरी की दूसरी घटना, ग्रामीणों में नाराजगी
सुभाष नगर क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। करीब एक सप्ताह पहले भी इसी इलाके में धन सिंह रौतेला के पुत्र के घर में चोरी का प्रयास किया गया था, लेकिन सतर्कता के चलते चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके थे। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद क्षेत्रवासियों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठाए हैं और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
पुलिस ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने पर लालकुआं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और संभावित सुरागों की जानकारी जुटाई जा रही है।
वहीं, पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल ने घटना पर चिंता जताई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने और चोरी की वारदात का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने बिंदुखत्ता के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें पुलिस की जांच और वारदात के खुलासे पर टिकी हैं।



