मां हाट कालिका के दर्शन कर लीं शुभकामनाएं, महिलाओं, पूर्व सैनिकों और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से किया स्वागत; लालकुआं अंबेडकर पार्क में विशेष कार्यक्रम का आयोजन
बिंदुखत्ता / लालकुआं।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र सिंह कोश्यारी के जन्मदिन के अवसर पर बिंदुखत्ता के हरि बैंक्वेट हॉल में अभूतपूर्व उत्साह और जनसैलाब देखने को मिला। पूरा परिसर “हमारा नेता कैसा हो, दीपेंद्र कोश्यारी जैसा हो” और “दीपेंद्र कोश्यारी जिंदाबाद” के गगनभेदी नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत में दीपेंद्र कोश्यारी ने मां हाट कालिका मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और माता रानी का आशीर्वाद लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक उनके साथ मौजूद रहे। मंदिर दर्शन के उपरांत जैसे ही वह हरि बैंक्वेट हॉल पहुंचे, बिंदुखत्ता मंडल अध्यक्ष नवीन पपोला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया और जन्मदिन की बधाई दी।
युवा मोर्चा अध्यक्ष पंकज कोरंगा ने अनोखे अंदाज़ में “जन्मदिन मुबारक हो” के नारे लगवाकर माहौल को उत्साह से भर दिया। देखते ही देखते उपस्थित समर्थकों और स्थानीय नागरिकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया और सभी ने दीपेंद्र कोश्यारी को फूल-मालाओं व उपहारों के साथ शुभकामनाएं दीं। मंच का कुशल एवं सफल संचालन महामंत्री पूरन सिंह बोरा द्वारा किया गया।
पूर्व सैनिकों और मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति
हरि बैंक्वेट हॉल महिलाओं, स्थानीय नागरिकों और युवाओं से खचाखच भरा हुआ था। क्षेत्र के पूर्व सैनिकों ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर दीपेंद्र कोश्यारी को उज्ज्वल भविष्य और दीर्घायु की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष राम सिंह पपोला, पूर्व महामंत्री मनोज बसनायत, कैलाश जोशी, महेश फुलारा, हरेंद्र रौतेला सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने प्रसिद्ध पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन ‘भट्ट की दाल’ एवं भात के साथ सहभोज का आनंद लिया।


