लालकुआं। हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम के उपरांत हुए कथित शुद्धिकरण विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। इस मामले को लेकर लालकुआं में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस कृत्य को अनुसूचित जाति समुदाय के प्रति घोर अपमानजनक बताते हुए भाजपा के प्रदेश प्रमुख महेंद्र भट्ट और हिंदूवादी नेता गिरीश पांडे सहित 15 लोगों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
सोमवार को नगर कांग्रेस अध्यक्ष भुवन पांडे की अगुवाई में भारी संख्या में कार्यकर्ता विरोध जताते हुए लालकुआं कोतवाली पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन को लिखित शिकायत पत्र (तहरीर) सौंपकर नामजद आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की।
कांग्रिसियों का आरोप है कि इस घटना के जरिए समाज में जातीय विद्वेष फैलाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया गया है। नेताओं ने स्पष्ट किया कि किसी भी कीमत पर सामाजिक समरसता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि पुलिस प्रशासन ने शीघ्र ही निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई नहीं की, तो पार्टी व्यापक जनआंदोलन करने को बाध्य होगी।
विरोध प्रदर्शन और तहरीर सौंपने के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री हरिश चंद्र दुर्गापाल, पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह खनवाल, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हरेंद्र बोरा, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कुंदन सिंह मेहता, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रमोद कलोनी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष पुष्कर सिंह दानू
वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री बीना जोशी, गोविंद भट्ट,कमल दानू,हेमंत पांडे, चंदन बोरा,त्रिलोक सिंह बिष्ट, त्रिलोक वर्मा, लक्ष्मण धपोला, मुन्ना बिष्ट, बिंदुखत्ता ब्लॉक अध्यक्ष मीना जोशी, कपिल और हरीश भट्ट सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।


