
सीकर। मुख्यमंत्री रसोई गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना के तहत लाभार्थियों के लिए जरूरी बदलाव किए गए हैं। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, जयपुर की ओर से जारी नई गाइडलाइन के अनुसार अब योजना का लाभ लगातार प्राप्त करने के लिए बैंक खाते और एलपीजी आईडी की मैपिंग करवाना अनिवार्य होगा। विभाग ने सभी पात्र उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
जिला रसद अधिकारी कपिल झाझड़िया ने बताया कि जिन परिवारों के मुखिया ने अपना बैंक खाता बदल लिया है, उन्हें नए खाते का विवरण जन आधार और एलपीजी सब्सिडी पोर्टल दोनों पर अपडेट करवाना होगा। इसके अलावा बैंक खाते और एलपीजी आईडी के बीच मैपिंग भी सुनिश्चित करनी होगी, ताकि सब्सिडी का भुगतान निर्बाध रूप से जारी रह सके।
68.65 प्रतिशत उपभोक्ताओं की मैपिंग पूरी
जिला रसद अधिकारी के अनुसार सीकर जिले में कुल 8,03,176 उपभोक्ता पंजीकृत हैं। इनमें खाद्य सुरक्षा योजना से जुड़े 3,98,366 परिवार शामिल हैं। जिले में अब तक 68.65 प्रतिशत उपभोक्ताओं की एलपीजी आईडी मैपिंग पूरी हो चुकी है। शेष लाभार्थियों को भी जल्द प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।
कहां और कैसे करवा सकते हैं मैपिंग?
लाभार्थी खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की आधिकारिक वेबसाइट food.rajasthan.gov.in पर जाकर जन आधार और एलपीजी आईडी की मैपिंग करवा सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी राशन डीलर के माध्यम से भी यह प्रक्रिया पूरी कराई जा सकती है।
सब्सिडी जारी रखने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
विभाग ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि वे अपने बैंक खाते की जानकारी अद्यतन रखें। बैंक खाता बदलने वाले परिवार के मुखिया नए खाते का विवरण जन आधार और एलपीजी सब्सिडी पोर्टल दोनों पर दर्ज करवाएं। साथ ही बैंक खाते और एलपीजी आईडी की मैपिंग भी समय रहते पूरी कराएं, जिससे मुख्यमंत्री रसोई गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना का लाभ मिलने में किसी तरह की बाधा न आए।



