(ऊधमसिंहनगर): जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले माफियाओं के खिलाफ उत्तराखंड सरकार ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। माननीय मुख्यमंत्री के कड़े निर्देशों पर एसटीएफ (STF) कुमाऊँ यूनिट और औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने बाजपुर के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित ‘कोविल बायोटैक’ (प्लॉट संख्या F-13 और F-14) पर अचानक छापेमारी कर नकली एवं मिलावटी दवाओं के एक बहुत बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक मुख्य अभियुक्त धीरेंद्र (निवासी बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश) को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आयुर्वेदिक लाइसेंस की आड़ में जहर का कारोबार
जांच में यह बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी के पास एलोपैथिक दवा बनाने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। वह आयुर्वेदिक और फूड लाइसेंस की आड़ लेकर Sun Pharma, Intas, Macleods, और STADMED जैसी देश की नामी दवा कंपनियों के नाम से फर्जी एलोपैथिक दवाइयाँ बना रहा था। इन नकली दवाओं को बाजार में असली बताकर धड़ल्ले से सप्लाई किया जा रहा था।
NH-74 के गोदाम से शराब और दवाओं का जखीरा बरामद
गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर जब एनएच-74 स्थित एक गोपनीय गोदाम पर छापा मारा गया, तो अधिकारी भी दंग रह गए। वहाँ से भारी मात्रा में तैयार नकली दवाइयाँ और पैकिंग सामग्री तो मिली ही, साथ ही अवैध अंग्रेजी शराब का बड़ा जखीरा भी बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर हरियाणा से अवैध शराब लाकर उत्तराखंड में खपाता था।
बरामद सामग्री का विवरण:
छापेमारी में लगभग 01 लाख नकली टैबलेट, 15 हजार सिरप की बोतलें, अत्याधुनिक पैकिंग मशीनें, भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और आबकारी विभाग के फर्जी होलोग्राम बरामद किए गए हैं।
किन बीमारियों की बन रही थीं नकली दवाइयाँ?
पकड़ी गई जीवन रक्षक दवाइयों का इस्तेमाल आम जनता इन गंभीर समस्याओं के इलाज के लिए करती है:
- संक्रमण और दर्द: जीवाणु संक्रमण (एंटीबायोटिक), शरीर में दर्द व सूजन।
- गंभीर रोग: नसों का दर्द (न्यूरोपैथिक पेन) और प्रोस्टेट संबंधी बीमारियाँ।
- सप्लीमेंट्स: गैस/एसिडिटी (एंटासिड), कैल्शियम, विटामिन की कमी और खून बढ़ाने वाले (आयरन) सिरप।
बरामद हुई मुख्य नकली दवाइयों की सूची:
- CEFIFINE-200: 11,200 टैबलेट
- GABAPIN: 28,500 टैबलेट
- VELTAM PLUS: 36,000 टैबलेट
- OSTOCALCIUM B12: 9,560 बोतलें (239 पेटियाँ)
- RUBIRED SUSPENSION: 1,600 बोतलें (32 पेटियाँ)
- ALKASOL: 2,400 बोतलें
- SUNCLAV: 2,100 स्ट्रिप
- NIMUFIN: 5,250 टैबलेट
- SOMPRAZ: 2,100 टैबलेट
- VELTAM: 76 बॉक्स और 02 पेटियाँ
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसटीएफ उत्तराखंड) के कुशल निर्देशन में हुई इस बड़ी कामयाबी से दवा माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।


