
लालकुआं। बिंदुखत्ता को वनाधिकार अधिनियम के तहत राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर तहसील परिसर में वनाधिकार संगठन का क्रमिक धरना-प्रदर्शन लगातार जारी है। आंदोलन के 49वें दिन ग्रामीणों ने पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के उस बयान पर कड़ी नाराजगी जताई, जिसमें उन्होंने बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने में सुप्रीम कोर्ट की बाधा होने की बात कही थी। आंदोलनकारियों ने इस बयान को भ्रामक बताते हुए आरोप लगाया कि इसके जरिए वास्तविक मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाने और राज्य सरकार की नाकामी पर पर्दा डालने का प्रयास किया जा रहा है।
धरने में शामिल ग्रामीणों ने कहा कि बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट को लेकर दिया गया बयान तथ्यों से परे है। उनका आरोप है कि सत्ताधारी दल अपनी जिम्मेदारियों से बचने के लिए तरह-तरह की अफवाहें फैला रहा है और ग्रामीणों के बीच आपसी मतभेद पैदा करने की कोशिश कर रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जनता इस कथित साजिश को समझ चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को इसका जवाब देगी।
आंदोलनकारियों का कहना था कि बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की प्रक्रिया में जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं। इसके बावजूद संबंधित पत्रावली जून 2024 से राज्य शासन स्तर पर लंबित है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब दस्तावेजों और कानूनी प्रक्रिया में कोई कमी नहीं है, तो फिर राज्य सरकार इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लेने में देरी क्यों कर रही है?
वक्ताओं ने कहा कि सरकार की इच्छाशक्ति और नीयत स्पष्ट नहीं होने के कारण ही वर्षों से चली आ रही मांग पूरी नहीं हो पा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए बिंदुखत्ता के लोगों को आपस में बांटने की कोशिश की जा रही है। ग्रामीणों ने एकजुटता बनाए रखने और ऐसे प्रयासों से सतर्क रहने की अपील की।
धरने में वक्ताओं ने कहा कि सरकार के लगातार उपेक्षापूर्ण रवैये से क्षेत्रवासियों में निराशा और आक्रोश बढ़ रहा है। यदि जल्द ही राजस्व गांव के मुद्दे पर ठोस पहल नहीं की गई तो इसका राजनीतिक खामियाजा सत्ताधारी दल को भुगतना पड़ सकता है।
इस दौरान वनाधिकार संगठन के अध्यक्ष उमेश भट्ट, संरक्षक एवं वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता व पत्रकार श्याम सिंह रावत, वनाधिकार समिति अध्यक्ष अर्जुन नाथ गोस्वामी, पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष खिलाफ सिंह दानू, संघर्ष समिति अध्यक्ष कैप्टन (सेवानिवृत्त) इंद्र सिंह पनेरी, कैप्टन (सेवानिवृत्त) प्रताप सिंह बिष्ट, भरत नेगी, दीपक जोशी, नवीन जोशी, ममता बिष्ट सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।



