
बिंदुखत्ता। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार, 23 नवंबर को बिंदुखत्ता पहुंचेंगे। यहां वह जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति की ओर से आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव-2026 में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग करेंगे। आयोजकों के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे महोत्सव स्थल पर पहुंचेंगे।
अमर लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति में 21 से 23 नवंबर तक आयोजित हो रहे इस सांस्कृतिक महोत्सव में मुख्यमंत्री की मौजूदगी को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह है। इस दौरान मुख्यमंत्री उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक संगीत और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे और स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
लोकथात महोत्सव के जरिए पहाड़ के पारंपरिक लोकगीतों, संगीत और सांस्कृतिक धरोहर को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा उत्तराखंड के लोकप्रिय लोकगायकों में शुमार रहे हैं। उनके गीत आज भी प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और लोकजीवन का अभिन्न हिस्सा हैं।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए आयोजन समिति तैयारियों में जुटी हुई है। जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में पहुंचकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने की अपील की है।



