ADVERTISEMENTS Ad
खबर शेयर करें -

रामनगर। वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर रामनगर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में राहुल सिंह दरम्वाल ने शनिवार को छोई स्थित प्रसिद्ध हनुमान धाम मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और सैकड़ों युवाओं के साथ अपने जनसंपर्क अभियान का शुभारंभ किया।

मंदिर में दर्शन के बाद राहुल सिंह दरम्वाल ने क्षेत्र के स्थानीय लोगों से मुलाकात कर जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने रामनगर विधानसभा क्षेत्र की जनता से क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाले जनप्रतिनिधि को चुनने की अपील की। उनके समर्थन में बड़ी संख्या में युवा एकजुट दिखाई दिए।

राहुल सिंह दरम्वाल ने कहा कि वह पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता के माध्यम से समाज की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते रहे हैं और उनके समाधान के लिए प्रयासरत रहे हैं। अब उन्होंने राष्ट्रीय मीडिया को अलविदा कहकर पूर्णकालिक रूप से समाजसेवा के क्षेत्र में कार्य करने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि रामनगर विधानसभा क्षेत्र में बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए वह लगातार प्रयास कर रहे हैं। कई स्थानों पर जनसमस्याओं के समाधान के लिए पहल भी की गई है। रामनगर के सरकारी अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वह संबंधित अधिकारियों और विभागों से लगातार संवाद कर रहे हैं।

दरम्वाल ने कहा कि रामनगर क्षेत्र के वन ग्रामों की समस्याओं का समाधान, सड़क, बिजली, पेयजल और सिंचाई नहरों की व्यवस्था को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके साथ ही आबादी वाले क्षेत्रों में वन्यजीवों की आवाजाही से उत्पन्न मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने तथा आवारा पशुओं से किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान से निजात दिलाने के लिए भी वह प्रयास करेंगे।

 

उन्होंने कहा कि गोवंश और अन्य आवारा पशुओं के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना भी आवश्यक है। इसके अलावा बेहतर शिक्षा व्यवस्था, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, उचित मार्गदर्शन और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

राहुल सिंह दरम्वाल ने रामनगर विधानसभा क्षेत्र को अपराध और नशामुक्त बनाने की दिशा में हरसंभव प्रयास करने की बात कही। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास, युवाओं का उज्ज्वल भविष्य और आमजन की समस्याओं का समाधान ही उनके सामाजिक एवं राजनीतिक प्रयासों का मुख्य उद्देश्य है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

By पंकज शर्मा

निष्पक्ष, सटीक और त्वरित समाचार आप तक पहुँचाने के संकल्प के साथ 'अग्रसर भारत' की नींव रखी गई है। डिजिटल मीडिया पत्रकारिता (DJNM) में प्रशिक्षित संपादक पंकज शर्मा के नेतृत्व में हमारा लक्ष्य हर खबर को उसकी सच्चाई और जिम्मेदारी के साथ आपके सामने लाना है।