हल्द्वानी। प्यार में मिले धोखे के बाद एक युवती के सख्त रुख ने पुलिस महकमे और आरोपी पक्ष में हड़कंप मचा दिया। विवाह का झांसा देकर लंबे समय से संबंध बनाने और प्रेमिका के दो माह की गर्भवती होने पर मुकरने वाले युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। प्रेमिका की जिद और पुलिस की सख्ती के बाद सलाखों के पीछे पहुँचते ही प्रेमी शादी के लिए तैयार हो गया।
प्राप्त विवरण के अनुसार, मूल रूप से अल्मोड़ा निवासी एक युवक का हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली लगभग 20 वर्षीय युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। पीड़िता का आरोप है कि शादी का भरोसा देकर प्रेमी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह दो माह की गर्भवती हो गई। युवती द्वारा यह बात बताए जाने पर युवक ने उस पर झूठे आरोप लगाते हुए विवाह से साफ इंकार कर दिया।
लाख समझाने के बावजूद जब प्रेमी अपनी बात पर अड़ा रहा, तो पीड़िता न्याय की गुहार लेकर हल्द्वानी कोतवाली पहुँच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया। प्रेमी के सलाखों के पीछे पहुँचते ही उसके परिजन भी कोतवाली पहुँच गए और जमकर हंगामा हुआ।
शुरुआत में सामाजिक भिन्नता के कारण युवक के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे, लेकिन कानूनी शिकंजे में फंसता देख युवक शादी के लिए राजी हो गया। कोतवाली में अकेली मौजूद प्रेमिका भी अपने फैसले पर पूरी तरह अड़ी रही।
”युवती शादी की मांग पर अड़ी है। यदि दोनों पक्ष आपसी सहमति से विवाह के लिए तैयार होते हैं तो पुलिस को कोई आपत्ति नहीं है। हालांकि, यदि पीड़िता की ओर से लिखित तहरीर मिलती है तो सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
— विजय मेहता, कोतवाल (हल्द्वानी)


