
बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की दिशा में बढ़ेगी पहल, मुख्यमंत्री धामी बोले- हमारी प्राथमिकता में है यह क्षेत्र; केंद्र के साथ मिलकर निकालेंगे समाधान
लोकथात महोत्सव में पहुंचे मुख्यमंत्री ने लोकगायक प्रह्लाद सिंह मेहरा को दी श्रद्धांजलि, क्षेत्रवासियों ने किया भव्य स्वागत
लालकुआं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के बिंदुखत्ता पहुंचे। संजय नगर-1 स्थित सरस्वती शिशु मंदिर मैदान में जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति की ओर से आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव-2026 में प्रतिभाग करते हुए उन्होंने उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोकगायक स्वर्गीय प्रह्लाद सिंह मेहरा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को महत्वपूर्ण बताते हुए ऐसे आयोजनों की सराहना की।
बिंदुखत्ता के राजस्व गांव के मुद्दे पर मुख्यमंत्री का बड़ा बयान
बिंदुखत्ता की वर्षों पुरानी राजस्व गांव की मांग को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महत्वपूर्ण बयान दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “बिंदुखत्ता हमारी प्राथमिकताओं में से एक है और हम इसका समाधान करेंगे। राज्य सरकार और केंद्र सरकार मिलकर इस विषय को आगे बढ़ाएंगी।”
मुख्यमंत्री के इस बयान को बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण संकेत के रूप में देखा जा रहा है। लंबे समय से राजस्व गांव की मांग को लेकर संघर्षरत क्षेत्रवासियों को मुख्यमंत्री के आश्वासन से नई उम्मीद जगी है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें इस दिशा में सरकार की आगामी पहल और ठोस निर्णय पर टिकी हैं।
लोकगायक प्रह्लाद सिंह मेहरा को दी श्रद्धांजलि, हुआ भव्य स्वागत
मुख्यमंत्री के बिंदुखत्ता पहुंचने पर क्षेत्रवासियों और आयोजन समिति की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया। पुष्पवर्षा के बीच मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और लोक संस्कृति को समर्पित महोत्सव में सहभागिता की। स्वर्गीय प्रह्लाद सिंह मेहरा की स्मृति में आयोजित यह महोत्सव कुमाऊंनी लोकगीत, संगीत और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच बना।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक नवीन चंद्र दुम्का, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, बिंदुखत्ता भाजपा मंडल अध्यक्ष नवीन पपोला, आयोजन समिति के अध्यक्ष कमल मेहरा, मनोहर मेहरा और नवीन कार्की सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रशासन की ओर से कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री का यह दौरा लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के लिए सांस्कृतिक और क्षेत्रीय दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा। जहां एक ओर लोकगायक प्रह्लाद सिंह मेहरा की स्मृति में लोकसंस्कृति का उत्सव मनाया गया, वहीं दूसरी ओर बिंदुखत्ता के राजस्व गांव के मुद्दे पर मुख्यमंत्री के बयान ने क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को एक बार फिर केंद्र में ला दिया।



