खबर शेयर करें -

उत्तरकाशी। प्रसिद्ध दयारा बुग्याल ट्रेक पर आई नैनीताल की एक महिला ट्रैकर के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर पुलिस, वन विभाग, एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की संयुक्त टीमें दुर्गम पहाड़ियों और घने जंगलों में बड़े पैमाने पर खोजबीन कर रही हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन को गति देने के लिए ड्रोन कैमरों और खोजी कुत्तों (डॉग स्क्वॉड) की भी मदद ली जा रही है।

यह भी पढ़ें -  लालकुआं: व्यापार मंडल चुनाव की मतगणना के दौरान हादसा, भीषण गर्मी से गश खाकर गिरे सहायक चुनाव अधिकारी; मौके पर मची अफरा-तफरी, वीडियो

​प्राप्त विवरण के अनुसार, नैनीताल जिले के रामनगर (ग्राम चिल्किया) की रहने वाली २४ वर्षीय बबीता पाण्डे अपने दो साथियों के साथ २९ मई को दयारा बुग्याल की ट्रैकिंग पर निकली थीं। ट्रेक मार्ग पर स्थित ‘गोई’ नामक स्थान पर पड़ाव डालने के बाद, ३० मई को ट्रैकिंग के दौरान वह अचानक कहीं ओझल हो गईं। साथियों द्वारा इसकी सूचना प्रशासन को दिए जाने के बाद तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। इस संबंध में कोतवाली मनेरी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विधिक जांच शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़ें -  देशविरोधी साजिश: पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में थी शिक्षिका, खातों से मिले ₹20 लाख के संदिग्ध ट्रांजेक्शन; हरिद्वार पुलिस का बड़ा खुलासा

पहचान और संपर्क सूत्र:

लापता युवती का कद लगभग ५ फीट, रंग गोरा और बाल काले-भूरे हैं। पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को बबीता पाण्डे के विषय में कोई सुराग या जानकारी मिले, तो वे तुरंत कोतवाली मनेरी के प्रभारी निरीक्षक के मोबाइल नंबर 9411112863 अथवा जांच अधिकारी के नंबर 8193990347 पर संपर्क कर सहयोग प्रदान करें। प्रशासन को उम्मीद है कि इस सघन संयुक्त अभियान के माध्यम से जल्द ही युवती को सकुशल ढूंढ लिया जाएगा।