काशीपुर। बाजपुर रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अचानक लगभग 30 मीटर ऊंचे स्टील गर्डर पर जा चढ़ा। युवक को इतनी ऊंचाई पर बैठा देख राहगीरों के होश उड़ गए। देखते ही देखते पुल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और तमाशबीनों के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। लगभग एक घंटे तक पुलिसकर्मी धैर्यपूर्वक युवक से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाते रहे। अंततः पुलिस की सूझबूझ और समझदारी रंग लाई और युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जिसके बाद प्रशासन और प्रत्यक्षदर्शियों ने राहत की सांस ली।
पारिवारिक कलह और अकेलेपन से था परेशान
पुलिस पूछताछ में युवक ने अपना नाम जगमोहन, निवासी मनौना (थाना आंवला, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश) बताया। पीड़ित ने बताया कि उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई है और परिवार के अन्य सदस्यों ने भी उससे दूरी बना ली है। रिश्तों में आए बिखराव और अकेलेपन के मानसिक तनाव के कारण वह ट्रेन से काशीपुर पहुंचा था और अवसाद में आकर गर्डर पर चढ़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक शराब के नशे में भी प्रतीत हो रहा था, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस की कार्रवाई
कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि युवक को सुरक्षित हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है तथा उसके परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की अग्रिम वैधानिक जांच जारी है।


