
लालकुआं। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। इस मामले में आगामी 27 नवंबर को देहरादून में होने वाली उच्च स्तरीय बैठक में निर्णय लिए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करने पहुंचे 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने वार्ता के बाद यह जानकारी साझा की।
मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में वन अधिकार संगठन और पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल थे। वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने के मुद्दे पर मुख्य सचिव से फोन पर बातचीत की। इस पर मुख्य सचिव ने आगामी 27 नवंबर को प्रस्तावित उच्च स्तरीय बैठक में इस विषय पर निर्णय लिए जाने की बात कही।
वन अधिकार संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि बिंदुखत्ता की समस्या का समाधान जल्द निकालने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने 27 नवंबर को होने वाली बैठक के परिणाम को सकारात्मक रहने की उम्मीद भी जताई।
इधर, वन अधिकार संगठन के अध्यक्ष उमेश भट्ट ने कहा कि संगठन के कार्यकर्ताओं की नजर अब 27 नवंबर को होने वाली उच्च स्तरीय बैठक पर टिकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठक तक पूर्व की तरह क्रमिक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। इसके अलावा संगठन की ओर से पहले से निर्धारित कार्यक्रम भी यथावत चलते रहेंगे।
उमेश भट्ट ने कहा कि 27 नवंबर की बैठक के परिणाम सामने आने के बाद ही आंदोलन की आगामी रणनीति तय की जाएगी। फिलहाल बिंदुखत्ता के लोगों और आंदोलनकारियों को इस बैठक से सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है।



