
रुद्रप्रयाग। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नरकोटा के समीप सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सम्राट होटल के पास एक स्कॉर्पियो वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के वक्त वाहन में केवल चालक ही सवार था, जो दुर्घटना में घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 3:23 बजे पुलिस को नरकोटा क्षेत्र में स्कॉर्पियो के खाई में गिरने की सूचना मिली। हादसे की खबर मिलते ही रुद्रप्रयाग पुलिस, SDRF, DDRF और 108 एंबुलेंस की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गईं।
इसके बाद रेस्क्यू टीम ने दुर्गम खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उसे श्रीनगर अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, चालक के बाजू में चोट आई है।
फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।



